Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 31 मार्च: गुरुग्राम में LPG गैस से जुड़ी शिकायतों पर अब तुरंत कार्रवाई होगी। जिला प्रशासन ने इसके लिए लघु सचिवालय में 24×7 कंट्रोल रूम शुरू किया है। डीसी अजय कुमार ने बताया कि जिले में गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और गलत तरीके से सप्लाई को रोकने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन का मकसद है कि आम लोगों को गैस लेने में कोई परेशानी न हो और सप्लाई सही तरीके से चलती रहे।

अब लोग गैस सिलेंडर न मिलने, देरी होने या ज्यादा दाम वसूलने जैसी शिकायतें सीधे कंट्रोल रूम में कर सकते हैं। इसके लिए लैंडलाइन नंबर 0124-2868930 जारी किया गया है, जहां 24 घंटे शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

डीएफएससी डॉ. अशोक रावत ने बताया कि हर शिकायत पर तुरंत ध्यान दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर मौके पर जांच भी होगी। अगर कहीं कालाबाजारी या गलत स्टॉक मिलता है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की टीमें भी लगातार फील्ड में काम कर रही हैं। रोजाना 6 टीमें गैस एजेंसियों और गोदामों की जांच कर रही हैं, ताकि कोई गड़बड़ी ना हो।
अधिकारियों के मुताबिक जिले में फिलहाल LPG का पूरा स्टॉक मौजूद है। 58 गैस एजेंसियों के पास कुल 15,311 सिलेंडर उपलब्ध हैं और सप्लाई सामान्य तरीके से चल रही है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।





