
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 21 अगस्त। गुरुग्राम जिले के मानेसर नगर निगम में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार ने कल 22 नव नियुक्त सहायक सफाई निरीक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में उप-निगम आयुक्त विनोद नेहरा, आईटी विशेषज्ञ प्रवीण शर्मा और लोकेश यादव मौजूद रहे। निरीक्षकों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पोर्टल की ट्रेनिंग दी गई।
संयुक्त आयुक्त ने कहा कि सफाई निरीक्षक फील्ड और निगम के बीच मुख्य कड़ी हैं। निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्हें रोस्टर के अनुसार समय पर अपने प्वाइंट पर पहुंचना होगा। सफाई कर्मचारियों की हाजिरी दर्ज करनी होगी। कर्मचारियों के लिए पर्याप्त संसाधन सुनिश्चित करने होंगे। फील्ड में किसी समस्या की स्थिति में तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित करना होगा।
बैठक में एक महत्वपूर्ण मुद्दा सामने आया। निगम क्षेत्र के अधिकतर गांवों में पशुपालक खुले में गोबर फेंक देते हैं। इससे सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है। संयुक्त आयुक्त ने पशुपालकों से अपील की है कि वे गोबर को खुले में न डालें। बैठक में एसडीओ शशिकांत, एसओ महावीर सिंह सोढ़ी, सीएसआई विजय कौशिक, एसआई सुमित हुड्डा, सुमित कुमार, मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।