गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्यवाही: लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहे आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद काबू करके लूट की वारदात को किया निष्क्रिय।
मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से आरोपी हुआ घायल, ईलाज के लिए पुलिस टीम ने कराया हॉस्पिटल में दाखिल।
आरोपी जिला नूंह, फरीदाबाद व गुरुग्राम में चोरी की करीब 10 वारदातों को दे चुका था अंजाम।
घटनास्थल से 01 बाईक, 1 पिस्टल व 4 खोल कारतूस बरामद।
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 5 फरवरी। घटना का संक्षिप्त विवरण: दिनांक 4 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि को उप-निरीक्षक विनय, इन्चार्ज अपराध शाखा सोहना, गुरुग्राम को अपने विश्वसनीय सूत्रों के माध्यम से एक सूचना प्राप्त हुई कि एक कुख्यात अपराधी राशिद, जो हरियाणा के विभिन्न थानों में अंकित गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है और हथियारों सहित एक बिना नम्बर की बाईक पर सवार होकर सोहना की तरफ दिखाई दिया है। इंचार्ज अपराध शाखा सोहना द्वारा उक्त सूचना के बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत कराके क्षेत्र में नजदीक रायपुर नाका सोहना में सुनियोजित नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान रात्रि में एक बिना नंबर की अपाचे बाईक पर सवार संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया। स्वयं को घिरा देखकर वह सोहना अलवर रोड़ की तरफ बाईक घुमाकर भागने लगा तो पुलिस टीम द्वारा उसका पीछा किया गया। पुराना सोहना-अलवर रोड़ रायपुर नाका व शमसान के नजदीक पुलिस टीम द्वारा सरकारी गाड़ी से बाईक का पीछा करने पर बाईक सवार द्वारा बाईक तेज गति से चलाने पर उसकी बाईक असंतुलित होकर गिर गई। बाईक गिरने के बाद वह बाईक सवार युवक उठकर भागने लगा और भागते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने के इरादे से 2 फायर किए, जिनमें से एक गोली सरकारी गाड़ी के बंपर पर व एक गोली उप-निरीक्षक विनय के पास से गुजरी। पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त युवक को चेतावनी देते हुए हवा में एक फायर किया व रुकने के लिए बोला गया, परन्तु युवक नहीं रुका तो पुलिस टीम ने अत्यधिक संयम, साहस से कानून के दायरे में रहते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही की गई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आरोपी के बाएं पैर में गोली और वह घायल होकर गिर गया, इसी दौरान पुलिस टीम द्वारा उसे काबू कर लिया। आरोपी से उसका नाम व पता पूछा तो उसने अपना नाम राशिद (उम्र-30 वर्ष) निवासी गांव थलचाना, जिला डींग (राजस्थान) बतलाया। पुलिस टीम ने आरोपी को प्राथमिक उपचार देकर ईलाज के लिए हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया।
- घटनास्थल का निरीक्षक: पुलिस टीम द्वारा पुलिस की फिंगरप्रिंट, FSL, सीन-ऑफ-क्राईम व थाना प्रबन्धक शहर सोहना, गुरुग्राम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। इस मुठभेड़ के दौरान कुल 4 राउंड फायरिंग हुई, जिनमें के 2 फायर आरोपी द्वारा तथा 02 फायर पुलिस टीम द्वारा किए गए।
- घटनास्थल से बरामदगी: पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से 1 बाईक, 1 पिस्टल व 4 खोल कारतूस बरामद किए गए।
- आरोपी के खिलाफ अभियोग अंकित: उपरोक्त बदमाश द्वारा पुलिस टीम पर गोलियां चलाकर जानलेवा हमला करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने इत्यादि अपराधों से सम्बंधित BNS की धाराओं के तहत पुलिस थाना शहर भौंडसी, गुरुग्राम में अभियोग अंकित किया गया।
- आरोपी का अपराधिक रिकॉर्ड: आरोपी के अपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि इसके खिलाफ चोरी व शस्त्र अधिनियम इत्यादि अपराधों के तहत करीब 10 अभियोग जिला नूंह, गुरुग्राम व फरीदाबाद में पहले भी अंकित है।
- आगामी कार्यवाही: आरोपी उपचाराधीन है, जिसे हॉस्पिटल से डिस्चार्ज करने के बाद उपरोक्त अभियोग में नियमानुसार गिरफ्तार किया जाएगा तथा आरोपी से गहनता से पुलिस करते हुए अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।
- गुरुग्राम पुलिस का संदेश: गुरुग्राम पुलिस यह स्पष्ट संदेश देना चाहती है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों, पुलिस पर हमला करने वालों और किसी भी प्रकार के अपराधियों के लिए गुरुग्राम में कोई जगह नहीं है। आमजन की सुरक्षा गुरुग्राम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गुरुग्राम पुलिस अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्यवाही प्रभावी रूप से जारी रखेगी।



