Bilkul Sateek News
पलवल (अजय वर्मा), 22 नवंबर। पलवल में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एंटी-स्मॉग गन द्वारा जगह-जगह हवा में पानी की बारीक बूंदों का छिड़काव किया जा रहा है। पलवल नेशनल हाईवे नंबर 19 पर आज ताऊ देवीलाल स्टेडियम के सामने एंटी-स्मॉग गन पानी का छिड़काव किया गया।
एंटी-स्मॉग गन पलवल के संचालक मनोज कुमार ने एंटी-स्मॉग गन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि एंटी-स्मॉग गन एक उपकरण है जो हवा में पानी की बारीक बूंदों का छिड़काव करके वायु प्रदूषण को कम करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह हवा में मौजूद धूल और प्रदूषित कणों को अपने साथ नीचे गिरा देती है, ठीक वैसे ही जैसे बारिश होती है, जिससे हवा साफ होती है।
उन्होंने बताया कि यह मशीन एक पानी की टंकी से जुड़ी होती है और पानी को उच्च दबाव पर बहुत महीन बूंदों में बदल देती है। ये छोटी बूंदें हवा में मौजूद धूल, धुएं और प्रदूषित कणों को पकड़ लेती हैं और उन्हें नीचे जमीन पर गिरा देती हैं। एक उच्च गति वाला पंखा इन पानी की बूंदों को बड़े क्षेत्र में फैलाने में मदद करता है, जिससे यह हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों को भी सोख लेती है। यह एक प्रकार की कृत्रिम बारिश की तरह काम करती है, जो प्रदूषित हवा को साफ करने में मदद करती है। यह मशीनें अक्सर बड़े शहरों में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए उपयोग की जाती हैं।
इनका उपयोग निर्माण स्थलों, खनन, सड़क निर्माण, और कोयला या पत्थरों की घिसाई जैसे धूल भरे क्षेत्रों में किया जाता है। इन्हें ट्रक, ट्रॉली या अन्य वाहनों पर लगाया जा सकता है, जिससे इन्हें आसानी से कहीं भी ले जाया जा सके। पलवल शहर में जहां-जहां वायु प्रदूषण हो रहा है। वहां पर एंटी-स्मॉग गन लगाकर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। एंटी-स्मॉग गन सुबह 8 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक लगातार चलाई जा रही है।




