Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 4 फरवरी। गुरुग्राम विश्वविद्यालय परिसर में बुधवार को आयुष विभाग, गुरुग्राम एवं हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य, योग एवं भारतीय जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। डीसी अजय कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ योग मंत्रोच्चारण के साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार अभ्यास द्वारा किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापक, कर्मचारी, छात्र-छात्राओं तथा योग प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग सहायकों द्वारा प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार की बारहों अवस्थाओं का अभ्यास कराया गया तथा इसके नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक लाभों की जानकारी दी गई। जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने बताया कि सूर्य नमस्कार शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और मानसिक तनाव कम करने में सहायक है। बदलती जीवनशैली के कारण उत्पन्न होने वाली विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
जिला योग समन्वयक डॉ विकास यादव ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग व सूर्य नमस्कार को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।



