
Bilkul Sateek News
भिवानी, 17 अगस्त। जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने आज भिवानी जिले के सिंघानी में हुई शिक्षिका मनीषा की हत्या को लेकर राज्य सरकार पर जबरदस्त प्रहार किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मनीषा के हत्यारों को पाताल से भी खोज कर लाए और उन्हें जल्द से जल्द सजा दे।
दिग्विजय आज यहां मनीषा की न्याय को लेकर चल रहे धरने में आए थे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में मनीषा हत्याकांड की तुलना निर्भया कांड से की। उन्होंने कहा कि वे भी एक बेटी के पिता हैं, इस घटना से पूरा समाज शर्मिंदा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को इस घटना के लिए ठहराया जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि मुख्यमंत्री दिल्ली दरबार के आदेशों के पालन में जुटे हैं। वे पुलिस को फ्री हैंड नहीं दे रहे। उन्होंने कहा कि बेटी को अब तक न्याय मिल जाना चाहिए था।
मुख्यमंत्री को लेकर उन्होंने कहा कि अच्छा व्यक्ति व अच्छा शासक होने में है अंतर, मुख्यमंत्री को चौ. देवीलाल, ओमप्रकाश चौटाला, चौ. भजनलाल व चौ. बंसीलाल जैसे अच्छे प्रशासकों से सीख लेनी चाहिए।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री उड़नखटौले का मोह छोड़ बेटी मनीषा को न्याय दिलाने के लिए लगाए जा रहे धरने पर आए।
चौटाला ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने हड़बड़ी में भिवानी के एसपी को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले को जातिगत रंग देने का भी प्रयास किया जा सकता है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि बेटी मनीषा को न्याय दिलाने का काम हरियाणा के लोगों ने अपने कंधों पर उठा रखा है। उन्होंने कहा कि वास्तविक आरोपियों को पकड़ने की बजाय अन्य को पकड़कर मामले को रफा-दफा का प्रयास सफल नहीं होने देंगे। चौटाला ने हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर को काबिल अधिकारी बताते हुए कहा कि पुलिस को खुली छूट नहीं मिल रही है और इसके लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं।