
हरियाणा : भाजपा पदाधिकारियों की शिकायत के बाद तय माना जा रहा था कि तहसीलदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार पर भाजपा पदाधिकारियों ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी की गई थी, जिसके बाद अब फतेहाबाद के रतिया के तहसीलदार पर गाज गिरी है। उनको सस्पेंड कर दिया गया है।
राजस्व और आपदा विभाग के वित्त आयुक्त व अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से तहसीलदार विजय कुमार के निलंबन आदेश जारी किए गए हैं।जानकारी के अनुसार पिछले दिनों भाजपा के जिला सचिव कुलवंत सैनी और कुछ अन्य पदाधिकारियों ने रतिया तहसीलदार विजय कुमार पर भ्रष्टाचार और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए थे।
कुछ समय पहले रतिया दौरे पर आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के समक्ष भी मामले को रखा गया था। मुख्यमंत्री नायब सैनी के समक्ष वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान अधिकारियों से भरी बैठक में जिला महामंत्री अशोक जाखड़ ने भी तहसीलदार की शिकायत की थी।
उसी कांफ्रेंसिंग के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने DC मनदीप कौर को मामले की जांच रिपोर्ट मुख्य सचिव कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद डीसी ने जिला राजस्व अधिकारी श्यामलाल से जांच करवा कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी थी। पहले DC मनदीप कौर ने रजिस्ट्री क्लर्क मुकेश कुमार को निलंबित किया था। अब तहसीलदार को सस्पेंड कर दिया है।