Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
हरियाणा के गुरुग्राम में एक निजी अस्पताल को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। सेक्टर-49 स्थित अस्पताल में एक युवक की मौत के बाद उसके परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

परिजनों का दावा है कि युवक को सड़क हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन उनका आरोप है कि उसकी मौत पहले ही हो चुकी थी, फिर भी अस्पताल प्रबंधन ने इलाज जारी होने का हवाला देकर उसे भर्ती रखा और लगातार पैसे वसूले।
बताया जा रहा है कि तीन दिनों के भीतर परिवार से 5 लाख रुपये से ज्यादा की रकम ली गई। जब परिजनों ने मरीज को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की बात कही, तब जाकर अस्पताल की ओर से मौत की जानकारी दी गई। इस पर परिवार ने सवाल उठाए कि यदि मरीज की हालत गंभीर थी या मौत हो चुकी थी, तो पहले क्यों नहीं बताया गया।
गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने सड़क पर बैठकर जाम लगाया और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप है कि इस दौरान अस्पताल स्टाफ और परिजनों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी हुई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश की। पुलिस ने समझाइश देकर जाम खुलवाया, लेकिन परिजन देर रात तक अस्पताल परिसर में डटे रहे और कार्रवाई की मांग करते रहे।
फिलहाल मामला जांच के दायरे में है और अस्पताल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।




