Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के मारुति कुंज इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। निर्मल दरबार स्थित एक शिव मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना दोपहर करीब 12:40 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दो युवक बाइक पर सवार होकर मंदिर पहुंचे। एक आरोपी बाहर बाइक चालू हालत में खड़ा रहा, जबकि दूसरा अंदर दाखिल हो गया।
मंदिर में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी सीधे शिवलिंग के पास पहुंचता है और वहां रखा धातु का सांप उठाकर अपनी जेब में रख लेता है। इसके बाद वह तेजी से बाहर निकलता है और अपने साथी के साथ मौके से फरार हो जाता है।
इस घटना के सामने आने के बाद इलाके के लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे स्थान पर भी अब सुरक्षा की कमी साफ दिखाई दे रही है।
मंदिर प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है और CCTV फुटेज भी सौंप दी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।




