गुरुग्राम 7 फरवरी
हरियाणा ग्रामीण बैंक ने डिजिटल किसान क्रेडिट कार्ड (ई-केसीसी) ऋण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बैंक को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए ई-केसीसी उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान नाबार्ड द्वारा आयोजित राज्य ऋण संगोष्ठी के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रदान किया गया।

इस अवसर पर हरियाणा ग्रामीण बैंक की ओर से महाप्रबंधक श्री एम. के. झा ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। कार्यक्रम में नाबार्ड के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकार के प्रतिनिधि तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। यह सम्मान ग्रामीण विकास, कृषक कल्याण, वित्तीय समावेशन और डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने की दिशा में हरियाणा ग्रामीण बैंक की निरंतर उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बैंक द्वारा डिजिटल केसीसी ऋण योजना के प्रभावी और सफल क्रियान्वयन से किसानों को त्वरित, पारदर्शी और सरल ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनकी वित्तीय आवश्यकताओं की पूर्ति समय पर हो सके। डिजिटल माध्यम से केसीसी ऋण प्रक्रिया को सरल बनाकर बैंक ने न केवल किसानों का समय बचाया है, बल्कि ऋण वितरण में पारदर्शिता और विश्वसनीयता भी सुनिश्चित की है। बैंक की इस पहल से प्रदेश के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिला है और कृषि क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने में सहायता मिली है।
हरियाणा ग्रामीण बैंक की यह उपलब्धि भविष्य में डिजिटल बैंकिंग और किसान हितैषी योजनाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



