गुरुग्राम 7 फरवरी
केंद्रीय राज्य मंत्री एवं स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने केंद्रीय बजट 2026 को देश की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताते हुए कहा कि यह बजट संकल्प, संतुलन और विकसित भारत की दिशा में ठोस कदम है। उन्होंने कहा कि यह केवल घोषणाओं का बजट नहीं, बल्कि हर वर्ग को सशक्त करने वाला विज़न डॉक्यूमेंट है।
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और तकनीक जैसे सभी प्रमुख क्षेत्रों को मजबूती दी गई है। सड़क परिवहन का बजट ₹31 हजार करोड़ से बढ़कर ₹3.09 लाख करोड़ और रेलवे बजट ₹26 हजार करोड़ से बढ़कर ₹2.81 लाख करोड़ पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को गति देने के लिए एमएसएमई ग्रोथ फंड, इलेक्ट्रॉनिक्स और बायोफार्मा में बड़े निवेश किए गए हैं। वहीं किसानों के लिए एमएसपी, कृषि बजट और उर्वरक सब्सिडी में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है।
राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि हरियाणा में रेलवे और सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को अभूतपूर्व मजबूती मिली है। रेलवे बजट में 11 गुना वृद्धि हुई है और अमृत स्टेशन योजना के तहत 34 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ यह बजट देश और हरियाणा को मजबूत नींव देता है।



