नूंह: नूंह जिला पिछले कुछ सालों में हुई बड़े विवादों के कारण चर्चा में रहा। खासकर कानून व्यवस्था को लेकर कई बार गंभीर स्थितियां भी बन चुकी हैं। ऐसे में लगातार इस बात की मांग की जा रही थी कि नूंह में हरियाणा पुलिस की एक बटालियन की स्थापना होनी चाहिए।
लोगों की इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुछ दिन पहले ही नूंह में पुलिस बटालियन खोलने की घोषणा की थी, जिसके बाद अब पुलिस विभाग भी हरकत में आ गया है। खासकर हिंदू पक्ष के लोग यहां पुलिस बटालियन खोलने की मांग कर रहे थे।
नूंह में बटालियन के लिए जगह का चयन शुरू हो गया है। इससे पहले पुन्हाना खंड के टूंडलाका गांव में आईआरबी की एक बटालियन पहले ही स्थापित की हुई है। नूंह पुलिस अधीक्षक विजय प्रताप सिंह ने खंड के संगेल गांव का दौरा कर बटालियन बनाने के लिए जमीन की तलाश शुरू कर दी है।
संगेल गांव की तकरीबन 107 एकड़ जमीन को बटालियन बनाने के लिए उपयुक्त माना गया है। जल्द ही इसे अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। यह जमीन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास है।



