Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 14 सितंबर। गुरुग्राम में आज दोपहर एक युवक की लाश पेड़ से लटकी मिली। जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी। पुलिस युवक की पहचान में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे 25 से 30 वर्ष के एक युवक की लाश सेक्टर 37 फेस दो के बीकानेर चौक के पास एक पेड़ से लटकी हुई मिली। जिसकी सूचना तुरंत राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम में दी। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से युवक की पहचान का प्रयास किया, लेकिन उसकी अभी पहचान नहीं हो पाई है। युवक की जहां लाश मिली वह इलाका आमतौर पर व्यस्त रहता है।
सेक्टर 10 थाना के एसएचओ योगेश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, और रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस ने युवक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू की है और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक वहां कैसे पहुंचा और घटना से पहले क्या हुआ।




