Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव:
गुड़गांव पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-II ने फर्जी कंपनियों के माध्यम से ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दिल्ली के जनकपुरी के प्रशांत के रूप में हुई है। वह कंपनी का डायरेक्टर है और उसने सप्लाई एग्रीमेंट के नाम पर फर्जी खरीद ऑर्डर दिए और शिकायतकर्ता कंपनी से करोड़ों रुपये ट्रांसफर करवाए और बाद में पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 1 जुलाई 2025 को स्मार्टपैडल टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्रतिनिधि ने थाना सेक्टर-17/18 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022 में M/s Citi Mega Mart Pvt. Ltd. के डायरेक्टर्स ने बिजनेस के नाम पर विभिन्न वेंडर्स के जरिए सामान सप्लाई का दिखावा किया। कंपनी को 90 दिनों में ब्याज सहित पैसे लौटाने का आश्वासन देकर करोड़ों रुपये का लोन लिया। बाद में आरोपी और उसके साथियों ने पैसे लौटाने से मना कर दिया। आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने इस मामले में बीते दिनों तमिलनाडु के कोयंबटूर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी प्रशांत Citi Mega Mart Pvt. Ltd. का डायरेक्टर और कंपनी का लगभग 20 प्रतिशत शेयरहोल्डर है।

ठगी का तरीका
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी और उसके साथियों ने शिकायतकर्ता कंपनी से व्यापार के नाम पर लोन लिया। उन्होंने अपनी ही फर्जी फर्मों के नाम पर खरीद आदेश जारी किए और इनवॉइस बनवाए। वास्तव में न तो कोई सामान खरीदा गया और न ही सप्लाई किया गया। प्राप्त राशि को आरोपी ने अपनी कंपनी में ट्रांसफर कर अपने और साथियों के बीच बांट लिया। इस धोखाधड़ी में आरोपी के हिस्से में करीब 70 लाख रुपये आए थे।
पुलिस रिमांड में मिल सकती है और जानकारी
आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 2 दिन का पुलिस रिमांड मिल गया है। पुलिस अब आरोपी से उसके साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।




