Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव जिले के पटौदी क्षेत्र के गांव खोड़ में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार थार गाड़ी ने पैदल चल रहे तीन लोगों को कुचल दिया। इस सड़क हादसे में 6 वर्षीय और 8 वर्षीय दो बच्चों व उनके 70 वर्षीय नाना की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांव खोड़ के रहने वाले सुभाष अपने नाती जायद और ईशांत के साथ रात करीब 11 बजे अपने भाई के घर से लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों काफी दूर तक जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए पास के अस्पताल भिजवा दिया।
कार चालक गिरफ्तार
हादसे के बाद थार का ड्राइवर अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर गाड़ी के नंबर की मदद से फरार चालक को पकड़ लिया। उसकी पहचान गोरियावास के दीपांशु के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद पूरे गांव खोड़ में गम का माहौल छा गया है।





