गुरुग्राम 09 फरवरी।
गुरुग्राम जिले के सोहना क्षेत्र में सोहना-तावडू रोड स्थित अरावली पहाड़ियों में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह मृतक की पहचान 24 वर्षीय शगुन कुमार पुत्र सोहन सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले के गांव जटीयाणा शाहपुर का निवासी था और पिछले कई वर्षों से अपनी मां के साथ सोहना की नहर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार, शगुन 14 जनवरी से लापता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने फार्म हाउस क्षेत्र में एक पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन फंदा टूटने के कारण वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव कई दिनों तक पहाड़ी इलाके में पड़ा रहा।
जंगल से गुजर रहे एक राहगीर ने जब मानव अवशेष देखे तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिटी थाना पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। घटनास्थल से कपड़ों के टुकड़े और एक क्षतिग्रस्त सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे पढ़ना फिलहाल मुश्किल है। नोट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
परिजनों ने बताया कि शगुन सोहना में एक केले के गोदाम में काम करता था और पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था, हालांकि उसने परेशानी का कोई स्पष्ट कारण साझा नहीं किया था। बताया गया कि उसने नौकरी से कुछ पैसे निकाले थे और अपनी मोटरसाइकिल भी बेच दी थी।
सिटी सोहना थाना पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और समय को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ भी शामिल है।
गुरुग्राम 09 फरवरी।



