गुरुग्राम, 7 फरवरी 2026
हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (एचईआरसी) द्वारा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की वार्षिक राजस्व आवश्यकता (एआरआर) याचिका पर उपभोक्ताओं और अन्य हितधारकों से सुझाव व आपत्तियाँ सुनने के लिए सार्वजनिक सुनवाई आयोजित की जाएगी।

यह जनसुनवाई 10 फरवरी 2026 को सुबह 11:30 बजे पावर ग्रिड, गुरुग्राम के एमपी हॉल में होगी। सुनवाई की अध्यक्षता एचईआरसी के चेयरमैन श्री नन्द लाल शर्मा करेंगे। उनके साथ सदस्य श्री मुकेश गर्ग और श्री शिव कुमार भी मौजूद रहेंगे।
इस दौरान वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए प्रस्तावित एआरआर को लेकर बिजली उपभोक्ता और अन्य हितधारक अपनी राय और आपत्तियाँ रख सकेंगे।
7 फरवरी को सेक्टर 4 से जुड़े इलाकों में 4 घंटे बिजली कटौती
गुरुग्राम, 6 फरवरी 2026। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने जानकारी दी है कि 7 फरवरी 2026 को सेक्टर 4 स्थित 66 केवी जीआईएस सब-स्टेशन में आवश्यक रखरखाव कार्य के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
यह कटौती सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगी। इस दौरान टी-2 ट्रांसफॉर्मर में ओएलटीसी ऑयल के डी-हाइड्रेशन का कार्य किया जाएगा।
बिजली कटौती के कारण न्यू कॉलोनी, सेक्टर 4, सेक्टर 5, सेक्टर 6, दयानंद कॉलोनी, गुड़गांव गांव, जिमखाना, दयाल मार्केट, दौलताबाद फ्लाईओवर, अर्बन एस्टेट, गोदरेज हैबिटेट सहित कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।



