Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
चंडीगढ़/पंचकूला, 7 मार्च। हरियाणा पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कंटेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गायक आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया उर्फ Badshah के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पंचकूला पुलिस ने उनके हाल ही में रिलीज हुए गाने “Tateeree” को लेकर FIR दर्ज करते हुए लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आरोपी देश छोड़कर बाहर न जा सके।

साइबर थाना सेक्टर-20, पंचकूला में 6 मार्च 2026 को FIR नंबर 28 दर्ज की गई है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट, 1986 की धारा 3 व 4 के तहत दर्ज हुआ है।
पुलिस के अनुसार गाने के वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहनी नाबालिग छात्राओं को आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया है और महिलाओं के प्रति अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि वीडियो में हरियाणा रोडवेज की बस और एक सरकारी स्कूल परिसर को दिखाया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि शूटिंग के लिए संबंधित विभागों से अनुमति ली गई थी या नहीं।
पुलिस ने आरोपी गायक को पेश होने के लिए नोटिस जारी किया है और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें दबिश दे रही हैं।
कार्रवाई के तहत विवादित गाना यूट्यूब से हटवा दिया गया है, जबकि अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी वीडियो और रील्स हटवाने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि गाने से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो या रील साझा करने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




