Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव के शिकोहपुर स्थित विनटेज वाइन्स शराब ठेके से पांच महीने पहले बरामद 1400 बोतल देसी शराब की वेरिफिकेशन रिपोर्ट आने के बाद अब बड़ा खुलासा हुआ है। हैदराबाद की सिक्योरिटी प्रिंटिंग प्रेस की रिपोर्ट में सामने आया कि इन बोतलों पर लगे ट्रैक एंड ट्रेस क्यूआर कोड और होलोग्राम बहादुरगढ़ के एसोसिएटेड ट्रेडर्स ठेके के थे, न कि शिकोहपुर वाले ठेके के। खेड़की दौला थाना पुलिस ने विनटेज वाइन्स, बहादुरगढ़ के एसोसिएटेड ट्रेडर्स और एडीएस स्प्रिट झज्जर कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि आखिर गुड़गांव के ठेके पर बहादुरगढ़ की शराब क्यों बेची जा रही थी।

यह था मामला
दरअसल 12 नवंबर 2025 को रूटीन चेकिंग के दौरान शिकोहपुर के विनटेज वाइन्स ठेके से 1400 बोतल देसी शराब बरामद हुई थीं। बोतलों पर लगे क्यूआर कोड और होलोग्राम पर शक होने पर नौ सैंपल हैदराबाद भेजे गए। रिपोर्ट में साफ हुआ कि ये बोतलें बहादुरगढ़ के लाइनपार स्थित एसोसिएटेड ट्रेडर्स ठेके की थीं, जो एडीएस स्प्रिट झज्जर कंपनी द्वारा सप्लाई की गई थीं। अब इस मामले में संबंधित कंपनी के लोगों से पुलिस पूछताछ कर सकती है। पुलिस ने एफआईआर में कुछ लोगों को नामजद भी किया है। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस आने वाले दिनों में आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर सकती है।




