Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 26 मार्च: नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने शहर में अवैध पेयजल कनेक्शनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर बाजार क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान टीम ने कुल सात अवैध कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें मौके पर ही काट दिया।

निगम की टीम ने वीरवार को क्षेत्र का दौरा कर ऐसे कनेक्शनों की जांच की, जो बिना अनुमति या नियमों के विरुद्ध लिए गए थे। कार्रवाई के दौरान सभी अवैध कनेक्शनों को हटाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के अवैध कनेक्शन सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाते हैं और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को भी प्रभावित करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा लगातार सख्ती बरती जा रही है।

नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने दुकानदारों और स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे केवल वैध कनेक्शन ही लें और निगम के नियमों का पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध कनेक्शन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम का यह अभियान शहर में पारदर्शिता बनाए रखने और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




