Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की आउटर नॉर्थ जिले की एंटी-नार्कोटिक्स स्क्वाड ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग के मुख्य शूटर को बिहार के बेगूसराय से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली के नांगल ठाकरान गांव के आकाश उर्फ बिट्टू उर्फ खुद्दी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को बिहार पुलिस के साथ मिलकर पकड़ा। आरोपी दिल्ली में हत्या के मामले में यहां से भागकर बिहार में जा छिपा था। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह था मामला
दरअसल 19 मार्च को रवि भारद्वाज नामक युवक हरेवली गांव स्थित अपने मकान में बनी दुकान पर बैठे थे। शाम के समय तीन हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और उन्होंने दुकान व घर के अंदर अंधाधुंध गोलीबारी करनी शुरू कर दी। इस दौरान रवि भारद्वाज की मौके पर ही मौत हो गई व उनके पिता अनिल भारद्वाज समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए थे।
इसलिए हुआ हमला
पुलिस की माने तो रवि भारद्वाज टिल्लू ताजपुरिया गैंग के प्रतिद्वंद्वी जितेंद्र गोगी गैंग का करीबी था। इस वजह से वह टिल्लू ताजपुरिया गैंग की नजर में था। वहीं नांगल ठाकरान गांव का रहने वाला आकाश टिल्लू ताजपुरिया गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।




