Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 14 जनवरी। उत्तर प्रदेश के एक थाने में एक पति ने अपनी पत्नी की बेवफाई से नाराज होकर उसको गोली मार दी। जिसमें उसकी मौत हो गई। इस मामले में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, थाने के अंदर गोली चलने की वारदात ने कानून व्यवस्था पर भी प्रश्नचिन्ह लगा दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के पाली थाने का है। रामापुर अटरिया गांव निवासी अनूप और उसकी 30 वर्षीय पत्नी सोनी हरियाणा के गुरुग्राम में काम करते थे। यहां पर 13 वर्षीय बेटे की मां सोनी को पड़ोस में रहने वाले सुरजीत से प्रेम हो गया।
एक महीने पहले जैसे ही अनूप को इस रिश्ते की जानकारी हुई वह सोनी को लेकर अपने गांव आ गया। जिससे उसका और सोनी का रिश्ता बचा रहे। लेकिन सोनी पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ा और वह 7 जनवरी को घर छोड़कर अपने प्रेमी सुरजीत के साथ भाग गई।
पुलिस में शिकायत के बाद सोनी को बरामद कर पाली थाने में रखा गया। सोमवार सुबह लगभग 10 बजकर 45 मिनट पति अनूप पाली थाने पहुंचा। वहां पर सोनी की बहन, देवर, लड़का, पति के मौसा सभी मिलकर सोनी को समझा रहे थे। लेकिन सोनी को सुरजीत के अलावा कोई और नजर नहीं आ रहा था। जिसके बाद अनूप का सब्र टूट गया और उसने तमंचा निकालकर थाने में ही सोनी पर गोली चला दी। गोली चलते ही पूरे थाने में हड़कंप मच गया। सोनी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अनूप को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, थाने में गोली चलने की वारदात के बाद महिला आरक्षी संजना राजपूत और आईओ विक्रांत चौधरी को निलंबित कर दिया गया।



