Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 19 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को बतौर वित्तमंत्री अपना पहला बजट विधानसभा में पेश किया। 205017 करोड़ का ये बजट पिछले वित्तवर्ष से 13.7 फीसदी अधिक है। बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व आईआरएस अनुराग बख्शी ने एक बयान में कहा कि ये बजट प्रदेश में समग्र विकास, रोजगार सृजन और आमजन के जीवन को और सुगम बनाने का रोड मैप है। साथ ही यह बजट पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने भी मनोहर सरकार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को राज्य की प्रगति का आधार बताया।
बख्शी ने कहा कि हरियाणा का सकल घरेलू उत्पाद पिछले 10 साल में तीन गुना बढ़कर 1213951 करोड़ रुपये हो गया है और प्रति व्यक्ति औसत आमदनी इसी अवधि में 147382 से बढ़कर 353182 रुपये हो गई है, जो भाजपा सरकार में हुए विकास का सबसे बड़ा प्रमाण है। वर्ष 2024-25 में राज्य का वित्तीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद का 2.68 फीसदी है जो सरकार के कुशल वित्त प्रबंधन को दर्शाता है। ये बजट मनोहर सरकार द्वारा शुरू की गई पहल ‘सभी वर्गों से विचार-विमर्श और सुझावों को समावेश‘ करके बनाया दस्तावेज है ताकि आमजन की अपेक्षाओं को सांझा किया जा सके। जैसा कि मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि सरकार संकल्प पत्र में किए गए 217 वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।
बख्शी ने कहा कि बजट में प्रदेश के उज्जवल भविष्य को लेकर नए प्रयास किए गए हैं जैसे कि डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर का गठन और हरियाणा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन की घोषणा जो भविष्य की नई तकनीकी और योजनाओं पर काम करेगी। पंचकूला और गुरुग्राम में एआई हब बनाए जाएंगे। प्रदेश में स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए निजी निवेशकों की मदद से 2000 हजार का फंड ऑफ फंड्स उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रदेश में नशे की रोकथाम के लिए संकल्प नाम का एक प्राधिकरण बनाया जाएगा और गैर कानूनी तरीके से विदेश जाने वाले (डंकी रूट) युवाओं को रोकने के लिए सरकार नया कानून लाएगी और इसके साथ हरियाणा ओवरसीज एम्प्लॉयमेंट सेल और हरियाणा कोशल रोजगार निगम युवाओं को विदेश में कानूनी रास्ते से रोजगार दिलाने में मदद करेगा।
मिशन हरियाणा 2047 के तहत हरियाणा के सकल घरेलू उत्पाद को एक ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर, लगभग 83 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
बजट में स्मार्ट सड़कें, स्मार्ट बाजार और गांव में स्मार्ट गलियों के विकास का प्रस्ताव शामिल किया गया है। हर विधायक को उनके क्षेत्र के विकास के लिए पांच करोड़ की विशेष निधि का प्रावधान किया गया है। जन प्रतिनिधियों की विकास में भागीदारी को बढ़ाने की दिशा में ये एक महत्वपूर्ण कदम है।
गुरुग्राम में 5453 करोड़ की लागत से मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक 28.5 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन का निर्माण किया जाएगा। बजट में महिलाओं को विशेष सौगात देते हुए लाडो लक्ष्मी योजना की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया की इस योजना के तहत प्रतिमाह महिलाओं को 2100 रुपये की सहायता दी जाएगी, जिसके लिए बजट में 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। महिला किसानों को डेरी स्थापित करने के लिए सरकार एक लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराएगी। केंद्र सरकार की तर्ज पर हरियाणा के कर्मचारियों को भी यूनिफाइड पेंशन स्कीम का लाभ मिलेगा।
बख्शी ने बताया कि बजट में प्रदेश में उद्योगों के विकास के लिए कई योजनाओं की घोषणा की गई हैं। खरखोदा की तर्ज पर दस नए इंडस्ट्रियल मॉडल टाउन विकसित किए जाएंगे। खरखोदा में इलेक्ट्रिकल व्हीकल हब बनाया जाएगा। सरकार मेक इन इंडिया की तर्ज पर मेक इन हरियाणा को बढ़ावा देगी। श्रमिक मैत्री परिषद गठन की घोषणा का उद्योग जगत ने खुलकर स्वागत किया है।
प्रदेश के अन्नदाता किसान को समृद्ध और खुशहाल रखने के लिए कृषि क्षेत्र को और मजबूत बनाने के लिए सरकार कारगर कदम उठाएगी जिसमें मेरी फसल मेरा ब्योरा, मेरा पानी मेरी विरासत, भावांतर भरपाई योजना, फसल अवशेष प्रबंधन प्रोत्साहन और प्राकृतिक खेती जैसी योजनाओं को मजबूती प्रदान करने का काम किया जाएगा।
बख्शी ने कहा कि कुल मिलाकर मुख्यमंत्री सैनी ने समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखकर प्रदेश के चहुंमुखी विकास को सुनिश्चित करने का एक नायाब बजट पेश किया है।



