Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम जिले के सोहना-पलवल मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक टैक्सी चालक की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब चालक अपनी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर नीचे उतर रहा था और तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी।

मृतक की पहचान सोहना के वार्ड नंबर-8 निवासी राजकुमार के रूप में हुई है, जो ओला-उबर से जुड़कर टैक्सी चलाता था। बताया जा रहा है कि उसने अपनी कार सड़क के किनारे रोकी थी, लेकिन जैसे ही वह वाहन से उतरा, अचानक आए एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे सोहना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
राजकुमार अपने पीछे तीन बच्चों और परिवार को छोड़ गया है, जिससे घर में शोक की लहर है।
पुलिस के अनुसार, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।




