Billkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 26 मार्च: जिला प्रशासन गुरुग्राम ने आमजन और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की है। उपायुक्त अजय कुमार के दिशा-निर्देशों पर लघु सचिवालय के भूतल पर फोर्टिस अस्पताल के सहयोग से एक मेडिकल सेंटर स्थापित किया गया है।

इस मेडिकल सेंटर के माध्यम से सचिवालय में कार्यरत कर्मचारियों और प्रतिदिन आने वाले आगंतुकों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह सुविधा कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी।
मेडिकल सेंटर में सामान्य स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए प्रशिक्षित स्टाफ और जरूरी उपकरण भी मौजूद रहेंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार, यह व्यवस्था खासतौर पर आपात स्थितियों में त्वरित उपचार उपलब्ध कराने में सहायक होगी। इससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आगंतुकों को भी सुरक्षित माहौल मिलेगा।
इसके अलावा, फोर्टिस अस्पताल की ओर से समय-समय पर वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉक्टरों के विजिट भी सुनिश्चित किए जाएंगे, जिससे जटिल बीमारियों के लिए भी विशेषज्ञ सलाह मिल सकेगी।
प्रशासन का उद्देश्य है कि लघु सचिवालय में आने वाले हर व्यक्ति को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।




