Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 26 मार्च 2026: गुरुग्राम के सेक्टर-05 स्थित छोटी माता मंदिर के पास पिछले वर्ष हुए झगड़े के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने ₹5000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना 31 मई 2025 को हुई थी, जब आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट और फायरिंग की वारदात सामने आई थी। इस झगड़े में कुल 8 लोग घायल हुए थे, हालांकि किसी को गोली नहीं लगी और कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास कांगड़ा उर्फ विकास के रूप में हुई है, जो छोटी माता मंदिर के पास सेक्टर-05 का निवासी है और वर्तमान में राजापुरी, दिल्ली में रह रहा था। आरोपी को 24 मार्च 2026 को सी2 पालम विहार से गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया है कि यह झगड़ा 8 बिस्वा और 12 बिस्वा गुरुग्राम के पक्षों के बीच हुआ था और विकास कांगड़ा इस पूरी वारदात का साजिशकर्ता था।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी लंबा है। उसके खिलाफ पहले से हत्या की धमकी और शस्त्र अधिनियम के तहत 6 मामले गुरुग्राम में दर्ज हैं, जबकि दिल्ली में पोक्सो एक्ट का 1 और अवैध टकसाल बनाने के 2 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 26 मार्च 2026 को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि इस मामले में अब तक कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच अभी जारी है।




