Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम जिले के सोहना क्षेत्र के चमनपुरा गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब कुछ हमलावरों ने एक परिवार के घर में घुसकर मारपीट कर दी और हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। इस हमले में परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए।

पीड़ित रोहतास के मुताबिक, घटना के समय वह अपनी परचून की दुकान पर थे, जबकि घर में उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे। इसी दौरान गांव के ही दो युवक अपने साथियों के साथ घर में घुस आए और विवाद शुरू कर दिया।
देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। हालात इतने बिगड़ गए कि हमलावरों ने कथित तौर पर रिवॉल्वर से हवाई फायरिंग भी कर दी, जिससे आसपास के लोग डर के माहौल में आ गए।
हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें तुरंत सोहना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए गुरुग्राम रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए। पुलिस ने संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं और छापेमारी जारी है।




