Bilkul sateek news
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 37 वर्षीय रामपाल के रूप में हुई है, जो हरियाणा के सोनीपत जिले के खांडा गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि रामपाल रोजगार की तलाश में गुरुग्राम आया हुआ था।
काम की तलाश में आया था गुरुग्राम
मृतक के भाई सतबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रामपाल खेतीबाड़ी करता था और शादीशुदा था। वह 6 मार्च को काम की तलाश में गुरुग्राम आया था।
फोन कॉल से मिली हादसे की सूचना
सतबीर सिंह ने बताया कि 7 मार्च की रात उसे छोटा खांडा निवासी सोनू का फोन आया। उसने बताया कि रामपाल का गुरुग्राम में एक्सीडेंट हो गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जब परिवार के लोग विनय के साथ गुरुग्राम के सिविल अस्पताल पहुंचे तो वहां डॉक्टरों ने रामपाल को मृत घोषित कर दिया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर हुई मौत
परिजनों ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो पता चला कि एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए रामपाल को टक्कर मार दी, जिससे वह ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी फरार
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। जांच अधिकारी अशोक के मुताबिक, मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




