Bilkul sateek news
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: साइबर सिटी शनिवार की देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी। बदमाशों ने लग्जरी कारों के मशहूर शोरूम ‘बिग बॉय टॉयज’ (BBT) को निशाना बनाया। यह हमला इतना भीषण था कि शोरूम के कांच के परखच्चे उड़ गए और वहां खड़ी करोड़ों की लग्जरी गाड़ियां गोलियों से छलनी हो गईं।

वारदात का पूरा घटनाक्रम
हीरो होंडा चौक के पास स्थित इस शोरूम पर बाइक सवार 3 नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला। चश्मदीदों के मुताबिक: बदमाशों ने सबसे पहले बाहर खड़ी मालिक की कार पर फायरिंग की। इस दौरान ड्राइवर राजपाल को एक गोली छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। गनीमत रही कि उस वक्त शोरूम मालिक गाड़ी में मौजूद नहीं थे। इसके बाद बदमाशों ने शोरूम की दूसरी मंजिल को निशाना बनाया, जिससे वहां की छत और सीलिंग में गोलियों के गहरे निशान बन गए।
सोशल मीडिया पर दी खुली चुनौती: “तैयारी करके आना”
वारदात के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुर गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में लिखा है:
“जतिन आहूजा को शायद बात समझ नहीं आई… अब अगर समझ गया तो ठीक है। नहीं तो अब शोरूम पर आने वाला कोई भी कर्मचारी या कस्टमर अपनी तैयारी करके आए, अगली बार गोली किसी को भी लग सकती है।”
5 करोड़ की रंगदारी का कनेक्शन
पुलिस जांच में यह साफ हुआ है कि यह कोई अचानक हुआ हमला नहीं था। अक्टूबर 2024 में भी BBT के मालिक से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। उस वक्त भी हिमांशु भाऊ गैंग का नाम सामने आया था और सेक्टर-37 थाने में FIR दर्ज कराई गई थी।

पुलिस की कार्रवाई: शूटरों की हुई पहचान
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। हमलावर झज्जर जिले के कुलासी गांव के रहने वाले अतुल, दीपक और नीरज बताए जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें इनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।
बड़ा सवाल
क्या साइबर सिटी में अब कारोबारी सुरक्षित नहीं हैं? सरेआम दी गई इस चुनौती के बाद गुरुग्राम पुलिस के सामने इन बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचाना एक बड़ी चुनौती बन गया है।




