Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 24 मार्च।
जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। डीसी अजय कुमार के निर्देश पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीमें रोजाना अलग-अलग इलाकों में जांच कर रही हैं। इसी दौरान मंगलवार को सेक्टर-12 में एक निजी अस्पताल के सामने छापेमारी की गई। यहां ओपन पार्किंग में अवैध तरीके से गैस सिलेंडर रखे गए थे। टीम ने मौके से कुल 32 सिलेंडर जब्त किए।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक डॉ. अशोक रावत ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि यहां घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है। सूचना के आधार पर टीम बनाई गई और तुरंत कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान 31 भरे हुए घरेलू सिलेंडर, 1 खाली सिलेंडर, 2 छोटे (5 किलो) खाली सिलेंडर और 1 बड़ा (10 किलो) भरा सिलेंडर बरामद हुआ। जांच में पता चला कि बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी, जो पूरी तरह गैरकानूनी है। मौके से निरंजन नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जो लक्ष्मण विहार का रहने वाला है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डॉ. रावत ने कहा कि गैस जैसी जरूरी चीज की कालाबाजारी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन इस पर लगातार नजर रखे हुए है।
गैस बुकिंग के लिए नए नंबर जारी
लोगों की सुविधा के लिए इंडियन ऑयल ने गैस बुकिंग के नए नंबर जारी किए हैं। अब उपभोक्ता IVRS नंबर 8391990070 और मिस्ड कॉल नंबर 8927225667 पर बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा SMS, WhatsApp, मोबाइल ऐप (Indian Oil One), PhonePe और Paytm के जरिए भी गैस बुक की जा सकती है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे एजेंसी पर जाने की बजाय ऑनलाइन बुकिंग का इस्तेमाल करें।
शहरी उपभोक्ता: 25 दिन बाद बुकिंग
ग्रामीण/उज्ज्वला उपभोक्ता: 45 दिन बाद बुकिंग
जिले में गैस सप्लाई पूरी तरह सामान्य
विभाग के अनुसार गुरुग्राम में गैस की सप्लाई बिल्कुल ठीक चल रही है।
हर दिन करीब 13,311 सिलेंडर की खपत होती है, जबकि अभी 15,359 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों को समय पर गैस मिलती रहे, इसके लिए रोजाना मॉनिटरिंग की जा रही है।




