Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 24 मार्च 2026: साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच गुरुग्राम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। इन्वेस्टमेंट के नाम पर करोड़ों की ठगी कराने वाले साइबर गिरोह की मदद करने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 8 सितंबर 2025 को थाना साइबर दक्षिण, गुरुग्राम में एक शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने ज्यादा रिटर्न का लालच देकर निवेश करवाया और करीब 1 करोड़ 9 लाख रुपए की ठगी कर ली। इस पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर) प्रियांशु दीवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 23 मार्च 2026 को दो आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत (36), निवासी गगसीना, जिला करनाल और अमित कुमार (34), निवासी सरगथल, जिला सोनीपत के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने एक कंपनी बनाकर उसमें पार्टनरशिप के आधार पर बैंक खाता खुलवाया था। इसके बाद उन्होंने यह बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करा दिया। इसी खाते में ठगी की रकम में से करीब 29 लाख रुपए ट्रांसफर हुए थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने यह बैंक खाता अन्य व्यक्तियों को करीब 1 लाख रुपए में बेच दिया था। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।




