Bilkul sateek news
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह: जिले में गौ-तस्करी और गौकशी के खिलाफ नूंह पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 7 गोवंश, लगभग 70 किलो प्रतिबंधित मांस, तीन पिकअप गाड़ियां, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, नकदी और औजार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई फिरोजपुर झिरका सदर थाना और आकेडा थाना क्षेत्र में की गई।

बॉम्बे एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी, तीन पिकअप से 7 गोवंश बरामद
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में सीएस स्टाफ फिरोजपुर झिरका को गुप्त सूचना मिली थी कि राजस्थान से हरियाणा की ओर गौधन लेकर तीन पिकअप गाड़ियां बॉम्बे एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाली हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव बावनढेड़ी के पास नाकाबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, चालक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों पिकअप गाड़ियों को रोक लिया।
तलाशी के दौरान गाड़ियों से 7 गायें बरामद हुईं, जिन्हें रस्सियों से बांधा गया था। पुलिस ने मौके से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- साजिद पुत्र बसरू, निवासी कहरानी भिवाड़ी (राजस्थान)
- सैकुल पुत्र रसीद, निवासी गंगवानी पिनंगवा (नूंह)
- अकबर पुत्र हमीदा, निवासी गंगवानी पिनंगवा (नूंह)
- संजय पुत्र राम सिंह, निवासी तिजारा (राजस्थान)
- ललित कुमार पुत्र जले सिंह, निवासी ढाकी तिजारा (राजस्थान)
- इरसाद पुत्र सद्दीक, निवासी अमीनाबाद फुसेता थाना बिछोर (नूंह)
आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन और करीब 27,450 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गोहत्या निषेध अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
मोटरसाइकिल से 70 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद
वहीं दूसरे मामले में सीएस स्टाफ नूंह को सूचना मिली कि युनुस पुत्र रमजान निवासी आकेडा मोटरसाइकिल पर खुर्जी में प्रतिबंधित मांस लेकर बेचने जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने दिहाना कच्चे रास्ते पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जल्दबाजी में गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल से लगभग 70 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, एक खुर्जी, छुरी और कुल्हाड़ी बरामद हुई।
आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।




