Bilkul sateek news
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: साइबर सिटी गुरुग्राम से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सेक्टर-10A स्थित सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाने पहुंची एक 24 वर्षीय युवती पर एसिड अटैक कर दिया गया। इस हमले में युवती का चेहरा और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में पीड़िता को पहले आपातकालीन वार्ड में भर्ती किया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मौसी से मिलने आई थी युवती
जानकारी के मुताबिक पीड़िता नूंह जिले की रहने वाली है और अपनी मौसी से मिलने गुरुग्राम के सुभाष नगर इलाके में आई थी। इसी दौरान एक युवक उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट हो गई, जिसके बाद घायल युवती को गुरुग्राम के सिविल अस्पताल लाया गया।
अस्पताल में ही हुआ एसिड अटैक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब युवती अस्पताल में थी, तभी आरोपी युवक और उसके साथ आई एक युवती ने अचानक उस पर तेजाबनुमा केमिकल फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
इस अचानक हुए हमले से अस्पताल में मौजूद लोग भी दहशत में आ गए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हमले के पीछे क्या वजह थी और तेजाब किसने फेंका, लेकिन पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।




