Bilkul Sateek News
Reporter: Ajay Verma
Author: Pardeep Narula
फरीदाबाद: शहर के बीके सिविल अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। मृतक की पहचान सेक्टर-23 संजय कॉलोनी निवासी फैज अहमद के रूप में हुई है, जो किराए के मकान में अकेले रहते थे। जानकारी के अनुसार, फैज अहमद की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उनके मकान मालिक और पड़ोसी उन्हें इलाज के लिए बीके सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें तीसरी मंजिल पर स्थित हार्ट सेंटर में ले जाने की सलाह दी।

आरोप है कि जब परिजन मरीज को लिफ्ट के जरिए ऊपर ले जाने पहुंचे तो लिफ्ट काम नहीं कर रही थी। इसके बाद वे मरीज को रैंप के जरिए तीसरी मंजिल तक ले जाने लगे। इसी दौरान रास्ते में ही फैज की मौत हो गई।
मृतक के साथ आए मकान मालिक और पड़ोसियों का कहना है कि लिफ्ट बंद होने के कारण उन्हें अस्पताल में काफी समय तक इधर-उधर भटकना पड़ा, जिससे इलाज में देरी हुई और मरीज की जान चली गई। उन्होंने स्पष्ट रूप से अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि अगर लिफ्ट चालू होती तो शायद फैज की जान बच सकती थी।

बताया जा रहा है कि फैज अहमद का परिवार बिहार में रहता है और वे यहां अकेले रहते थे। उनकी तबीयत खराब होने पर मकान मालिक और पड़ोसी ही उन्हें अस्पताल लेकर आए थे।
वहीं, मौके पर जाकर देखने पर लिफ्ट चालू स्थिति में पाई गई। हालांकि, मृतक के साथ आए लोगों ने लिफ्ट बंद होने का आरोप लगाया है, जिसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। यह मामला जांच का विषय बना हुआ है।




