Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्लीः
राजधानी दिल्ली के द्वारका जिले में फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया पर हथियार लहराने के फोटो व वीडियो शेयर करने वाले आरोपी को द्वारका पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुंडेला खुर्द के रितिक के रूप में हुई है। आरोपी अपने तलाक का बदला लेने की फिराक में था। उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
डीसीपी द्वारका जिले कुशल पाल सिंह ने बताया कि अवैध रूप से हथियार दिखाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के तहत यह कदम उठाया गया है। पुलिस टीम को पता चला कि मुंडेला खुर्द गांव के रितिक नामक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हथियार लहराते हुए तस्वीरें और वीडियो अपलोड किए थे। पुलिस ने केस दर्ज करके रितिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में जाफरपुर कलां थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।

ससुराल वालों से लेना चाहता था बदला
पूछताछ में रितिक ने बताया कि उसकी शादी 2024 में सोनीपत में हुई थी, लेकिन विवाद के चलते मई 2025 में दोनों पक्षों में आपसी तलाक हो गया। तलाक से नाराज रितिक ने ससुराल वालों से बदला लेने की ठान ली और हरियाणा के भोंडसी निवासी जितू नामक व्यक्ति से हथियार खरीदा। जितू का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह गुड़गांव के स्थानीय गैंगस्टर सुनील उर्फ चीता से जुड़ा हुआ है।
भोंडसी जेल से आया था बाहर
रितिक हाल ही में भोंडसी जेल से रिहा हुआ था, जहां वह हत्या के प्रयास के मामले में बंद था। फरवरी 2026 में उसने कंझवाला की एक लड़की से दूसरी शादी की। शादी के समय उसने हथियार से फायरिंग भी की थी।




