30 मार्च, मानेसर: नगर निगम मानेसर ने क्षेत्र में बढ़ते कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (C&D) वेस्ट के वैज्ञानिक निपटान के लिए व्यापक रूपरेखा तैयार कर ली है। इसके तहत गांव नैनवाल, हरसरू और सेक्टर-6 में कलेक्शन सेंटर और डंपिंग साइट विकसित की जाएंगी।

इस योजना के अंतर्गत एचएसआईआईडीसी द्वारा एक निजी कंपनी के सहयोग से 100 टन प्रतिदिन क्षमता वाला प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जाएगा। प्लांट के तैयार होने तक, नगर निगम मानेसर ने गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र में कार्यरत एजेंसी से वेस्ट प्रोसेसिंग में सहयोग मांगा है।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह के अनुसार, तीनों साइट्स की पहचान कर ली गई है और कलेक्शन सेंटर के निर्माण के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। इन केंद्रों पर प्री-कोटेड गैल्वेनाइज्ड आयरन शीट्स और प्रीकास्ट बाउंड्री वॉल लगाई जाएंगी।
इसके साथ ही वेस्ट के संग्रहण, ट्रांसपोर्टेशन और सेग्रीगेशन की भी व्यवस्था की जाएगी। इस पहल से अवैध डंपिंग पर रोक लगेगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, मानेसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में भी मदद मिलेगी।




