https://youtu.be/YywQlaH2AFk?si=NPe0aDuewrC_m4JN
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम 30 March: हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार सुबह आवारा कुत्तों को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। नगर निगम की टीम जब कुत्तों को पकड़ने के अभियान के तहत एक कॉलोनी में पहुंची, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते यह विरोध दो गुटों के बीच टकराव में बदल गया। एक तरफ वे लोग थे जो कुत्तों के डर और हमलों से परेशान थे, वहीं दूसरी ओर डॉग लवर्स थे जो कुत्तों को पकड़ने का विरोध कर रहे थे।

वीडियो में दिखा पूरा बवाल
घटना के वीडियो सामने आए हैं, जिनमें साफ दिखाई देता है कि बहस के दौरान महिलाओं के बीच हाथापाई शुरू हो गई। बाल खींचने, धक्का-मुक्की और गाली-गलौज तक मामला पहुंच गया। एक वीडियो में एक महिला दूसरी को जमीन पर गिराकर मारते हुए भी नजर आती है।
निगम टीम के साथ भी कथित बदसलूकी
मामले के दौरान कुछ लोगों पर नगर निगम की टीम के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगे हैं। बताया जा रहा है कि टीम के वाहन को रोकने की कोशिश की गई और ड्राइवर से चाबी छीनने तक की नौबत आ गई।
कहां हुआ विवाद
यह घटना गुरुग्राम के वार्ड-31 के मियां वाली कॉलोनी, लाजपत नगर और जवाहर नगर इलाके में सामने आई। यहां नगर निगम ने हाल ही में कुत्तों के बढ़ते खतरे को लेकर अभियान चलाया था।
क्यों भड़का विवाद
स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों के कारण खासकर बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। वहीं, डॉग लवर्स का तर्क है कि कुत्तों के साथ क्रूरता नहीं होनी चाहिए और उनके संरक्षण की व्यवस्था जरूरी है।
प्रशासन का पक्ष
नगर निगम के प्रवक्ता के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत कुत्तों की नसबंदी और नियंत्रण का काम किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसी स्थिति में शांति बनाए रखें और टीम के काम में सहयोग करें।




