Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 30 मार्च 2026। गुरुग्राम के मानेसर क्षेत्र में नाली के पानी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 23/24 दिसंबर 2025 की रात को गांव बार-गुर्जर में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसके पड़ोसी दिनेश उर्फ धन्नी ने पानी को लेकर विवाद के चलते उसे जान से मारने की धमकी दी थी।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 23 दिसंबर की रात करीब 10 बजे दिनेश अपने साथियों के साथ थार गाड़ी में आया और उस पर फायरिंग कर दी। पीड़ित ने घर के अंदर भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपियों ने बाहर खड़ी गाड़ियों पर भी गोलीबारी की और मौके से फरार हो गए।
इस शिकायत के आधार पर थाना खेड़की दौला, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। अपराध शाखा मानेसर की टीम ने पहले ही दो आरोपियों दिनेश उर्फ धन्नी और नितिन पवार को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में सामने आया कि नाली के पानी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
ताजा कार्रवाई में पुलिस ने 29 मार्च 2026 को आईएमटी चौक, मानेसर से तीसरे आरोपी अमित को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अमित (26 वर्ष) निवासी बास कुशला की ढाणी, आईएमटी सेक्टर-7, गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस ने अब तक आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और वारदात में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी बरामद की है। मामले में कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस ने आरोपी अमित को अदालत में पेश करने की तैयारी कर ली है और मामले की जांच जारी है।




