Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 26 नवंबर। गुरुग्राम में नेशनल हाईवे नंबर 48 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी को कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। वह हाईवे के जोनल ऑफिसर की टीम के साथ गश्त कर रहा था। आधी रात के समय वह टॉयलेट करने के लिए गाड़ी से उतरकर हाईवे के किनारे खड़े हुए थे। इसी दौरान उन्हें ट्रक ने कुचल दिया। उसके परिवार में मां, पिता, भाई, पत्नी और डेढ़ साल का बच्चा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अभी तक टक्कर मारने वाले ट्रक ड्राइवर का कोई सुराग नहीं मिला है। लोकेश को कुचलने के बाद से वह फरार है।
हादसे के बाद पुलिस की टीम रेवाड़ी के गांव बुढ़पुर का रहने वाले लोकेश (32 वर्ष) को अस्पताल भी लेकर गई। लेकिन उसेबबचाया नहीं जा सका। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। लोकेश के अंतिम संस्कार में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. राजेश मोहन खुद पहुंचे। हादसा देर रात को सहरौल बॉर्डर पर हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोकेश जोनल ऑफिसर ASI मामचंद की टीम के साथ नाइट ड्यूटी कर रहा था। टीम सिग्नेचर टावर चौक से रात करीब 1 बजकर 20 मिनट पर निकली थी। शंकर चौक पार करने के बाद लगभग 1 बजकर 50 मिनट पर लोकेश को अचानक टॉयलेट जाना पड़ा। उन्होंने ड्राइवर से गाड़ी रोकने को कहा।
गाड़ी रुकते ही लोकेश उतरा और साथी पुलिसकर्मी सुरक्षा के चलते गाड़ी थोड़ा आगे साइड में ले गए। उसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने लोकेश को कुचल दिया। इससे लोकेश की मौके पर ही मौत हो गई।
अंधेरे और तेज ट्रैफिक के कारण टीम को तुरंत पता नहीं चल सका। जब लोकेश वापस नहीं आया तो साथी उन्हें देखने गए। इस दौरान उन्हें लोकेश खून से लथपथ मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
उसकी मौत से गांव बुढ़पुर में मातम पसरा हुआ है। बुधवार को दोपहर बाद लोकेश की पार्थिव देह गांव लाई गई। यहां उसका अंतिम संस्कार किया गया।




