Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 31 जनवरी। गुरुग्राम पुलिस ने गाड़ी को साइड नहीं देने पर टैक्सी चालक को लात-घूंसे मारकर हत्या करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16.09.2025 को पुलिस थाना सदर में एक महिला द्वारा एक लिखित शिकायत के माध्यम बताया कि उसका पति विनोद निवासी ग्राम सराय अहमद खां जिला एटा (उत्तर-प्रदेश) टैक्सी चालक था और संतोष नामक व्यक्ति को देखरेख में टैक्सी चलाता था। करीब 15 दिन पूर्व संतोष के साथ किसी विवाद के चलते उसका पति गाड़ी छोड़कर अपने गांव चला गया था। 26.08.2025 को गोविंद और अनिल उसके घर आए और यह कहकर विनोद को अपने साथ ले गए कि संतोष ने गाड़ी चलाने के लिए बुलाया है। 30.08.2025 की रात्रि को साजिश के तहत विनोद के साथ बेरहमी से मारपीट की गई तथा उसे सेक्टर-47 में घायल अवस्था में फेंक दिया। घटना के पश्चात घायल विनोद को उसके मित्र आगरा ले गए, जहां उसे रश्मि हॉस्पिटल आगरा में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान 01.09.2025 को विनोद की मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार के उपरांत उसने पुलिस थाना सदर, गुरुग्राम में आकर शिकायत दी। प्राप्त शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच षुरू कर दी।
पुलिस ने तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए हत्या की वारदात में संलिप्त 1 आरोपी को कल गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अतुल ठाकरान (उम्र-28 वर्ष) निवासी ग्राम इस्लामपुर, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गुरुग्राम में प्रॉपर्टी डीलर एजेंट के रूप में कार्य करता है। 30/31.01.2025 की रात्रि को नजदीक बख्तावर चौक सेक्टर-47 के पास विनोद टैक्सी चला रहा था। इसी दौरान सड़क पर साइड ना देने को लेकर उसके और उसके अन्य साथियों के साथ विनोद की कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने और उसके साथियों ने विनोद पर लात-घूंसे बरसाए और उसे गंभीर रूप घायल कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप विनोद की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
पुलिस द्वारा आरोपी को आज अदालत में पेश करके 4 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच तथा मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।



