Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 2 फरवरी। गुरुग्राम जिले में एक पेट्रोल पंप पर दो युवकों और स्टाफ के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें दोनों युवक घायल हो गए। इस पेट्रोल पंप मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर दोनों युवकों की पहचान जल्द की जाएगी।
मामला जिले के फर्रुखनगर के खेडा रोड स्थित पेट्रोमार्ट पेट्रोल पंप का है। दो युवक बाइक पर सवार होकर पेट्रोल पंप पर आए और सेल्समैन से बहस करने लगे। बहस बढ़ने पर युवकों ने सेल्समैन पर हमला कर दिया।
शुरुआत में सेल्समैन अकेला होने के कारण बचाव में असमर्थ दिखा। हालांकि, जल्द ही पेट्रोल पंप के अन्य सेल्समैन और स्टाफ मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और युवकों की पिटाई की गई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि स्टाफ की संख्या अधिक होने के कारण दोनों युवक घायल हो गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका एक हिस्सा वायरल हो रहा है। घटना के बाद पेट्रोल पंप मैनेजर उम्मेद सिंह ने तुरंत पुलिस थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि दो अज्ञात युवक बाइक से पंप पर आए और सेल्समैन से तीखी बहस शुरू कर दी, जिसके बाद उन्होंने हमला कर दिया।



