
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 27 अगस्त। गुरुग्राम जिले में दहेज प्रताड़ना को लेकर ससुराल और मायके पक्ष में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। जिसमें दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। जिनमें से गंभीर रूप से घायल 6 को गुरुग्राम के सिविल अस्पताल में रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोहना के बाईपास क्षेत्र निवासी मनीषा की शादी एक साल पहले गुरुग्राम निवासी विक्की से हुई थी। मनीषा का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे लगातार दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। विक्की व उसके परिजन उससे लाखों रुपये की मांग कर रहे थे।
मनीषा ने आरोप लगाया कि विक्की अपने भाइयों के साथ सोहना बाईपास पहुंचा और वहां पर उसके पिता व भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में लड़की पक्ष से प्रवीण, विक्रम, राजेश और वकील को गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें गुरुग्राम रेफर कर दिया गया।
वहीं, लड़के पक्ष की तरफ से सोमवती, अशोक और विक्की घायल हुए हैं। जिन्हें नागरिक अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और दहेज की मांग को संघर्ष का मुख्य कारण माना जा रहा है।