Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 15 सितंबर। गुरुग्राम में बाइक हटाने को लेकर हुए विवाद में नशे में धुत युवकों ने अपने साथियों सहित एक परिवार पर हमला कर दिया। करीब डेढ़ दर्जन आरोपियों परिवार पर जमकर पथराव किया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना में परिवार का एक सदस्य घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

अर्जुन नगर में रहने वाले पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना रविवार देर रात 11.40 को उस वक्त हुई जब एक वैगनआर कार में सवार युवकों ने एक घर के आगे हॉर्न पर हॉर्न बजाने शुरू कर दिए। घर के बाहर खड़ी बाइक को हटाने के लिए कहा गया ताकि उनकी कार निकल जाए। लगातार बजाए जा रहे हॉर्न के बाद जब घर में मौजूद लोग बाहर आए तो युवकों ने उन्हें बाइक हटाने के लिए कहा। जिस पर परिवार के सदस्यों ने उन्हें बताया कि यह बाइक उनकी नहीं है। इस पर युवकों ने उनसे गाली गलौज शुरू कर दी। लोगों का विरोध होता देख पहले कार सवार चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद वह वापस आए और परिवार पर हमला कर दिया।
इस हमले का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से कुछ लोग एक परिवार पर ईंटो और पत्थरों से हमला कर रहे हैं। घर की महिलाएं बीचबचाव के लिए आती हैं तो यह युवक उन महिलाओं पर भी हमला कर देते हैं। इन नशे में धुत युवकों ने घर के अंदर भी पथराव किया, जिसमें एक व्यक्ति को गंभीर चोटें लगी हैं। वहीं, पथराव करने वालों से बचने के लिए यह युवक उन पर डंडे से हमला कर उन्हें खदेड़ देता है।घटना में घायल हुए व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला दर्ज होने के बाद मनोज कुमार इंचार्ज पुलिस चौकी अर्जुन नगर थाना न्यू कॉलोनी की टीम ने 2 आरोपियों नवीन उर्फ नंदू (उम्र-23 वर्ष) निवासी सुभाष नगर जिला गुरुग्राम (हरियाणा) व दीपेश (उम्र-21 वर्ष) निवासी महाबीरपुरा, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) को गिरफ्तार किया।पुलिस पूछताछ में पता चला कि नवीन उर्फ नंदू की मदनपुरी में मीट की दुकान है व दीपेश की न्यू कॉलोनी में फोटोग्राफर की दुकान है। यह रात को अपनी गाड़ी से अर्जुन नगर की तरफ आ रहे थे तो गली में एक बाईक खड़ी थी, जिसे हटाने को लेकर इनकी कहासुनी हो गई, जिसकी रंजिश रखते हुए इन्होंने अपने दोस्तों को फोन करके बुला लिया और उपरोक्त मारपीट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जा से वारदात में प्रयोग की गई 1 कार बरामद की है। पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जा रही है। अभियोग का अनुसन्धान जारी है।




