पत्रकारों से की मारपीट
गोली मारने की दी धमकी
एक आरोपी पर गोवा में हत्या का मामला दर्ज
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 24 नवंबर। गुरुग्राम में पत्रकारों से मारपीट का मामला सामने आया है। पत्रकार एक आहते में सुबह तक चल रही एक दारू पार्टी को कवर कर रहे थे। इस दौरान उनपर जानलेव हमला किया गया। इस आरोप में पुलिस ने 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी पर गोवा में हत्या का मामला दर्ज है। पुलिस अब तक इस मामले में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सेक्टर-50 को एक पत्रकार ने लिखित शिकायत दी। जिसमें आरोप लगाया गया कि वह आज सुबह करीब 7.30 बजे वह अपने साथी पत्रकार को साथ लेकर सेक्टर-49 में गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड़ पर ‘Ha Cha’ नाम से स्थित शराब अहाता में गैर समय में शराब पीने और पार्टी करने की कवरेज करने गया था। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की, उनकी न्यूज आईडी छीनने का प्रयास किया गया और उन्हें गोली मारने की धमकी दी गई तथा उनकी गाड़ी तोड़ दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी और इस मामले में 2 और आरोपियों को आज 24 को सेक्टर-50 से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सुखवेंद्र निवासी मंडोला जिला चरखी-दादरी और गौरव तनेजा निवासी रोहतक वर्तमान निवासी सेक्टर-72 गुरुग्राम के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी शराब अहाता में पार्टी करने आए थे। इस दौरान शिकायतकर्ता व उसका साथी पत्रकार उनकी वीडियो बना रहे थे। तो गुस्से में आकर उन्होंने दोनों पर हमला कर दिया।
आरोपियों के अपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि सुखविंद्र के खिलाफ हत्या का एक मामला गोवा में तथा आरोपी गौरव तनेजा के खिलाफ रोहतक में लड़ाई-झगड़ा करने के संबंध में 1 अभियोग पहले भी अंकित है।
इससे पहले 22 नवंबर को ही इस मामले में शराब अहाता के मैनेजर सोनू कुमार और 2 बाउंसर आनंद व ललित समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस द्वारा इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को कल को न्यायालय में पेश किया जाएगा। अभियोग का अनुसंधान जारी है।




