Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 24 नवंबर। फरीदाबाद पुलिस ने रोडरेज के दौरान एक कार चालक की हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 23 नवंबर को शाम के समय बाईपास रोड सेक्टर 17/18 कट के पास एक कार चालक रविंदर की बाइक सवार लड़कों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। जिस पर थाना सेक्टर 17 में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा डीएलएफ को कार्रवाई सौंपी गई, जिस पर अपराध शाखा की टीम ने मुख्य आरोपी सतीश निवासी बसेलवा कॉलोनी फरीदाबाद को काबू कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सतीश अपने दो साथियों के साथ बाइक पर बाईपास रोड पर दिल्ली बॉर्डर की तरफ जा रहा था। रास्ते में आरोपियों ने बाइक से पीड़ित की गाड़ी के आगे कट मार दिया। जिसको लेकर उनकी पीड़ित से बहस हो गई और फिर बाइपास रोड सेक्टर 17/18 कट के पास सतीश ने चाकू निकालकर रविंद्र की गर्दन पर चाकू से प्रहार कर दिया।
आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड है और वह दो-तीन महीने पहले ही जेल से बाहर आया है। जिसको गिरफ्तारी उपरांत न्यायालय में पेश किया जाएगा।




