7 अत्याधुनिक पिस्टल और 200 कारतूस बरामद
Bilkul Sateek News
सोनीपत, 1 दिसंबर। सोनीपत की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने उत्तर भारत में गैंगवार की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए कुख्यात अपराधी रोहित गोदारा गिरोह के 7 शार्प शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ टीम ने आरोपियों के पास से 7 अत्याधुनिक पिस्टल और करीब 200 कारतूस भी बरामद किए हैं। आज सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करके एसटीएफ द्वारा रिमांड पर लिया जाएगा।
एसटीएफ ने ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत जिन 7 शूटरों को पकड़ा है, उनमें रोहित (निवासी कटवाल, सोनीपत), मोहम्मद शाजिद, मानव कुमार, विकासपाल, हैप्पी, जब्बरजंग और विजय कुमार शामिल हैं। ये सभी विभिन्न वसूली मामलों और फायरिंग की वारदातों में गोदारा गिरोह के लिए सक्रिय थे। बरामद हथियारों में 1 जिगना, पीएक्स-3, दो इंडियन 9एमएम और एक स्टार मेक पिस्टल शामिल हैं। साथ ही आठ मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
एसटीएफ एसपी वसीम अकरम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय गैंग सरगनाओं को चिन्हित किया जा रहा है। विदेश में बैठे संचालकों के खिलाफ डिपोर्टेशन प्रक्रिया और इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाने की कार्रवाई भी जारी है।
उत्तर भारत में लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग के बीच गहरी फूट के बाद लगातार गैंगवार की आशंका बनी हुई थी। इसी बीच विदेश में बैठे रोहित गोदारा ने हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और चंडीगढ़ में व्यापारियों व प्रतिद्वंद्वी अपराधियों को निशाना बनाने की साजिश रची थी। लेकिन सोनीपत एसटीएफ के इंस्पेक्टर योगेंद्र दहिया और उनकी टीम को समय रहते इस साजिश की जानकारी मिल गई।




