Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 1 दिसंबर। विश्व एड्स दिवस पर फरीदाबाद में आज सिविल अस्पताल के प्रांगण से सिविल सर्जन डॉक्टर जयंत आहूजा द्वारा एक विशाल जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस रैली में जहां स्कूल और कॉलेज के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं, ट्रांसजेंडर और कई एनजीओ के सदस्य भी इसमें शामिल हुए। जिन्होंने हाथ में स्लोगन लिखी तख्तियों के साथ लोगों को जागरूक किया और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी एड्स के प्रति जागरूक किया। खास बात यह रही कि ट्रांसजेंडरों ने भी असुरक्षित सेक्स और एड्स को लेकर जागरूकता के इस मिशन में अपना योगदान दिया।
वहीं, सिविल सर्जन डॉक्टर जयंत आहूजा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि विश्व एड्स दिवस पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया है। हम सबको मालूम है कि एड्स एक गंभीर बीमारी है और इसके हो जाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता धीरे-धीरे खत्म होने लगती है। टीवी जैसी गंभीर बीमारियां उसे घेर लेती हैं। इसलिए सभी को इसके प्रति जागरूकता बढ़नी चाहिए, ताकि हर व्यक्ति स्वस्थ रह सके, वहीं उन्होंने बताया कि असुरक्षित सेक्स से ही एड्स का खतरा बना रहता है। वहीं, नशे के आदि जब असुरक्षित तरीके से इंजेक्शन का बार-बार इस्तेमाल करते हैं तो यह कई लोगों को अपनी चपेट में ले सकता है। जिसको लेकर नशे के प्रति स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की सलाह से काउंसलिंग करके नशेड़ियों को नशा मुक्त बनाने का प्रयास किया जाता है। वहीं, डिप्टी सीएमओ डॉक्टर हरविंदर ने बताया कि आज एड्स दिवस पर यूनिवर्सिटी स्कूल के छात्रों और एनजीओ तथा रेडक्रॉस आदि के साथ संयुक्त रूप से जागरूकता रैली निकाली गई है और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन भी किया जा रहा है।
रैली में शामिल ट्रांसजेंडर सिम्मी और सलोनी ने बताया कि आज रैली में शामिल होकर वे एड्स के प्रति लोगों को जागरुक कर रहे हैं और उनकी तरफ से आठ ट्रांसजेंडर इस रैली में शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि हम यहां नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी लोगों को जागरुक कर रहे हैं और बता रहे हैं कि एड्स के फैलने के क्या कारण है और कैसे इससे बचाव किया जा सकता है।
रैली में शामिल पहल फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर मकसूद अली ने बताया कि उनका संस्थान किन्नर समाज के साथ काम कर रहा है और उन्हें जहां एड्स के प्रति जागरूक किया जाता है। वहीं, उनका संस्थान उनकी सेहत की चिंता भी करता है। साथ ही उनका संस्थान एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने का काम लगातार करता रहता है।




