Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 18 दिसंबर। गुरुग्राम पुलिस ने सोशल मीडिया पर दोस्ती करके एक युवती से ठगी करने वाले नाईजीरिया मूल के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साइबर क्राइम साउथ थाना पुलिस में एक महिला ने दी शिकायत में कहा था कि उसकी स्नैपचैट के माध्यम से एक व्यक्ति से दोस्ती हुई, जिसने स्वयं को लंदन का निवासी बताया। आरोपी ने पीड़िता को भारत आकर मिलने की बात कही। 23 नवंबर को फ्लाइट टिकट की फोटो भी उसे भेजी। 24 नवंबर को आरोपी द्वारा युवती को कॉल करके बताया गया कि उसके पास अत्यधिक मात्रा में नकद राशि है। जिसके कारण उसे भारत में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। इस राशि को रिलीज करवाने के नाम पर आरोपी ने पीड़िता से 58 हजार रुपये भेजने को कहा। आरोपी ने युवती को विश्वास में लेकर धोखाधड़ी से उस राशि को बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
मामले में साइबर क्राइम साउथ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार की टीम ने वारदात को अंजाम देने के आरोपी को दिल्ली से काबू कर लिया। आरोपी की पहचान मूसा (40 वर्ष) निवासी लागोस नाइजीरिया के रूप में हुई। आरोपी फिलहाल दिल्ली में रह रहा था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष-2019 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था। जिसकी अवधि वर्ष-2019 में ही समाप्त हो गई। कोविड-19 महामारी के चलते यह भारत में ही रह गया। आरोपी ने यह भी बताया कि ठगी की गई राशि जिस बैंक खाते में ट्रांसफर करवाई गई थी। उसका डेबिट कार्ड उसके पास था। यह डेबिट कार्ड उसे किसी अन्य व्यक्ति द्वारा पैसे निकालकर लाने के लिए दिया गया था। जिसके बदले उसे निकाली गई राशि का पांच प्रतिशत कमीशन मिलता था।



