file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 26 सितंबर। गुरुग्राम पुलिस ने फर्जी एप्लिकेशन के माध्यम से ट्रैफिक चालान भरने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5 मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना साइबर पूर्व प्रभारी अमित कुमार की टीम ने पुलिस तकनीकी के आधार पर व्हाट्सऐप के माध्यम से वाहन चालान भरने के नाम पर mParivahanofficialy.apk एप्लिकेशन का लिंक भेजकर लोगों के मोबाइल हैक करके उनके साथ ठगी किए जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 सितंबर को इस गिरोह के 1 सदस्य को मॉडल टाऊन से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान पवन (उम्र-22 वर्ष, शिक्षा-12वीं) निवासी जिला हरदोई (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि पवन साइबर ठगों से टेलीग्राम के माध्यम से जुड़ा हुआ है। पवन ने बताया कि उसे टेलीग्राम के माध्यम से लोगों के मोबाइल नंबरों का डाटा और फर्जी एप्लिकेशन का लिंक मिलता है। वह उन मोबाइल नंबर पर यह लिंक भेज देता है। उसे लिंक भेजने के बदले 20 रुपये प्रति मोबाइल के हिसाब से मिलते हैं। वह इस प्रकार से लिंक भेजकर लगभग 40 हजार रुपये प्राप्त कर चुका है और इन रुपये से उसने 3 मोबाइल खरीदे हैं। पुलिस ने पवन के खिलाफ ऑनलाइन पोर्टल पर चैक किया तो उसके खिलाफ 3 अन्य शिकायतें अलग-अलग राज्यों में दर्ज पाई गई।
पुलिस ने पवन के पास से 5 मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा पवन को कल अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया।




