Bilkul Sateek News
गुरुग्राम 18 नवंबर। गुरुग्राम जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को एक मंदिर तोड़े जाने के विरोध में आज गुस्साए लोग सड़क पर ही हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। गुस्साए लोगों ने शिव मंदिर तोड़े जाने का विरोध करते हुए रोड जाम कर प्रदर्शन भी किया। मामला बढ़ता देख गुरुग्राम पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत करवाने की कोशिश करने लगे।
मामला गुरुग्राम के सेक्टर 85 की पिरामिड हाइट्स सोसाइटी का है, जहां सोमवार को जिला प्रशासन ने सोसाइटी के अंदर बने शिव मंदिर को अवैध बता कर तोड़ दिया था। जिला प्रशासन की माने तो सोसाइटी के अंदर बनाया गया शिव मंदिर अवैध रूप से निर्मित किया गया था और इसी के मद्देनजर सोसाइटी वासियों को कई बार नोटिस भी जारी किया गया और फिर सोमवार को शिवमंदिर को तोड़ दिया गया।
बस, इसी से गुस्साए सोसाइटी वासियों ने रोड जाम कर वहीं पर हनुमान चालीसा का पाठ करना शुरू कर दिया। इस दौरान स्थानीय निवासी बस यही कह रहे थे कि हम सबने मिल कर शिव मंदिर का निर्माण करवाया था। यह लोगों की आस्था से जुड़ा मामला है और कल अचानक जिला प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ पहुंची और मंदिर शिव मंदिर पर बुलडोजर चला दिया।




